उत्तर प्रदेश: टी०ई०टी० अर्हता के अभाव में पदोन्नति से वंचित शिक्षकों को मिले सशर्त पदोन्नति का अवसर
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने महानिदेशक स्कूल शिक्षा को दिया ज्ञापन
लखनऊ, 12 नवम्बर 2026: राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश ने बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत ऐसे शिक्षकों को पदोन्नति का अवसर प्रदान किए जाने की मांग की है, जो 23 अगस्त 2010 से पूर्व नियुक्त हुए थे तथा विभागीय सेवा नियमों के अनुसार पदोन्नति की अन्य निर्धारित अर्हताएँ, वरिष्ठता एवं अनुभव रखते हैं, लेकिन टी०ई०टी० (शिक्षक पात्रता परीक्षा) उत्तीर्ण न होने के कारण वर्तमान में पदोन्नति से वंचित हो रहे हैं।
इस संबंध में महासंघ की ओर से महानिदेशक, स्कूल शिक्षा, कार्यालय में ज्ञापन देकर मांग की गई है कि ऐसे शिक्षकों को माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेश दिनांक 01 सितंबर 2025 के अनुपालन में निर्धारित समय-सीमा के भीतर टी०ई०टी० उत्तीर्ण करने की शर्त पर सशर्त पदोन्नति का अवसर प्रदान किया जाए।
प्रदेश अध्यक्ष शिवशंकर सिंह ने कहा कि इन शिक्षकों की नियुक्ति तत्कालीन विभागीय नियमों एवं निर्धारित शैक्षिक योग्यताओं के आधार पर हुई थी। अनेक शिक्षक दशकों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ शिक्षण कार्य कर रहे हैं। यदि विभागीय स्तर पर समय से पदोन्नति प्रक्रिया पूर्ण की गई होती तो इनमें से अनेक शिक्षक सर्वोच्च न्यायालय के उक्त आदेश से पूर्व ही पदोन्नति प्राप्त कर चुके होते।
प्रदेश महामंत्री प्रदीप तिवारी ने कहा कि लंबे समय तक विभाग को अपनी सेवाएँ देने के बावजूद केवल टी०ई०टी० अर्हता के अभाव में पदोन्नति के अवसर से वंचित होना शिक्षकों के मनोबल, सेवा-संतुष्टि एवं भविष्य की संभावनाओं को प्रभावित कर रहा है।
ज्ञापन में यह भी सुझाव दिया गया है कि यदि तत्काल कार्यभार ग्रहण कराने में कोई तकनीकी अथवा प्रशासनिक कठिनाई हो तो संबंधित शिक्षकों के पदोन्नति आदेश सीलबंद लिफाफे में सुरक्षित रखे जाएँ तथा निर्धारित समय-सीमा में टी०ई०टी० उत्तीर्ण करने के उपरांत उन्हें उपलब्ध करा दिए जाएँ।
प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने शासन एवं विभागीय अधिकारियों से शिक्षक हितों तथा न्यायसंगत प्रशासनिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा की है।
*****






10.jpg)
15.jpg)
![अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस- 01मई 2018: मजदूरों का शोषण - मानवता का उपहास - [रेल सेवक संघ]](http://www.swatantrabharatnews.com/uploads/images/10985359_750498361715733_4743675663368666332_n.jpg)