चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा ऐलान: सरकारी नौकरियों में महिलाओं को देंगे 33 फीसदी आरक्षण
नई-दिल्ली: लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने बड़ा ऐलान करते हुए बुधवार को कहा कि उसकी सरकार बनने पर केंद्र सरकार की नौकरियों में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा।
पार्टी अध्यक्ष ने चेन्नई के एक कॉलेज में छात्राओं से संवाद के दौरान कहा कि अगर संप्रग सरकार बनती है तो महिला आरक्षण विधेयक पारित किया जाएगा और केंद्र व राज्य सरकारों में 33 फीसदी नौकरियां महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी।
गांधी की इस घोषणा का हवाला देते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने ट्वीट कर कहा, "कांग्रेस 17वीं लोकसभा के पहले सत्र में संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% सीटें आरक्षित करने वाला महिला आरक्षण विधेयक पारित करेगी।"
उन्होंने कहा, "कांग्रेस केंद्र सरकार, केंद्रीय सरकारी संगठनों और सार्वजनिक क्षेत्र के केंद्रीय उपक्रमों में सभी पदों / रिक्तियों का 33 फीसदी महिलाओं के लिये आरक्षित करेगी।"
उधर, राहुल गांधी की घोषणा के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने संवादाताओं से कहा कि राहुल जी ने जो घोषणा की है वो संवैधानिक दायरे में है और जरूरत पड़ने पर कानून भी बनाया जाएगा।
गौरतलब है कि कांग्रेस लंबे समय से लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी सीटें आरक्षित करने से जुड़े विधेयक को पारित करने की पैरवी करती रही है, लेकिन उसने पहली बार सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए आरक्षण का वादा किया है।
(साभार- भाषा)
swatantrabharatnews.com






10.jpg)
![अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस- 01मई 2018: मजदूरों का शोषण - मानवता का उपहास - [रेल सेवक संघ]](http://www.swatantrabharatnews.com/uploads/images/10985359_750498361715733_4743675663368666332_n.jpg)
15.jpg)